देहरादून के ग्राफिक एरा में आयोजित ग्राफेस्ट-26 की शाम सिंगर तलविंदर के नाम रही। ‘धुंधला’ और ‘पल-पल’ जैसे हिट गानों पर छात्र जमकर थिरके। वहीं, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी ने ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

ग्राफिक एरा का वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘ग्राफेस्ट-26’ अपनी पूरी भव्यता के साथ संपन्न हुआ। उत्सव की अंतिम शाम मशहूर सिंगर और सॉन्गराइटर तलविंदर सिंह सिद्धू के नाम रही, जिनकी हाई-एनर्जी परफॉर्मेंस ने पूरे कैंपस को एक लाइव कॉन्सर्ट में तब्दील कर दिया।

तलविंदर की बीट्स और ‘धुंधला’ का जादू
जैसे ही तलविंदर ने मंच पर कदम रखा, हजारों छात्रों का शोर आसमान छूने लगा। अपने सिग्नेचर स्टाइल में चेहरे पर कलाकारी किए तलविंदर ने अपने ब्लॉकबस्टर ट्रैक “धुंधला” से शुरुआत की। जैसे ही उन्होंने गाया— “सब कुछ धुंधला है, धुंधला है…”, पूरा मैदान एक साथ थिरक उठा। इसके बाद “पल-पल”, “मैं तेरा होया” और “तेरे इश्क दा जाम” जैसे गानों पर छात्र-छात्राओं ने मोबाइल टॉर्च जलाकर माहौल को जादुई बना दिया।

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी ने मारी बाजी
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रतियोगिताओं का दौर भी चरम पर रहा। देश के 17 राज्यों के 50 से अधिक संस्थानों और विश्वविद्यालयों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंततः, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी ने ओवरऑल चैंपियनशिप का गौरवशाली पुरस्कार अपने नाम किया।

इस अवसर पर ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला ने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने कहा, ”सिर्फ तकनीक सीखना ही सफलता नहीं है। टीम वर्क, लीडरशिप, नए आइडिया और संस्कृति से जुड़ाव एक कुशल प्रोफेशनल के साथ-साथ एक बेहतर इंसान बनाता है। ग्राफेस्ट इन्हीं गुणों को विकसित करने का एक मंच है।”
समारोह में वाइस चेयरपर्सन डॉ. राखी घनशाला समेत विश्वविद्यालय के वरिष्ठ पदाधिकारी और हजारों की संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
